इज्जतनगर मंडल में 45 पेयजल नमूनों की जांच, सभी मानकों पर खरे

इज्जतनगर मंडल में 45 पेयजल नमूनों की जांच, सभी मानकों पर खरे

बरेली। यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इज्जतनगर मंडल में रेलवे स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है।

इसी क्रम में मंडल में शुक्रवार को 45 अवशिष्ट क्लोरीन परीक्षण किए गए। जांच में सभी 45 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। इसके अलावा बैक्टीरियोलॉजिकल जांच के लिए तीन जल नमूने भी लिए गए हैं।

रेलवे के अनुसार, पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों और इंजीनियरिंग विभाग की टीमें नियमित अंतराल पर पेयजल स्थलों से नमूने लेती हैं। इनमें अवशिष्ट क्लोरीन के साथ पानी की बैक्टीरियोलॉजिकल गुणवत्ता की भी जांच की जाती है।

इसके साथ ही पानी की टंकियों, वाटर कूलर, नलों, जल फिल्टर, पाइपलाइनों और पेयजल वितरण केंद्रों की नियमित सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इंजीनियरिंग विभाग द्वारा फिल्टर, पाइपलाइन, कूलिंग यूनिट सहित अन्य उपकरणों की निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सर्विसिंग और रखरखाव भी सुनिश्चित किया जा रहा है।