आसमान से पुष्पवर्षा,श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब,ऊंचाहार हुआ शिवमय,जनपद में उत्साह का माहौल

ऊंचाहार,रायबरेली।अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से होने वाली श्री शिव महापुराण कथा के शुभारंभ से पूर्व गुरुवार को ऊंचाहार में भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई।आयोजक एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री खाद्य एवं रसद,नागरिक आपूर्ति श्री मनोज कुमार पांडेय ने सपत्नीक श्रीमती नीलम पांडेय एवं पुत्री मणि पांडेय के साथ गोकना गंगा घाट से पवित्र गंगाजल भरकर कलश यात्रा का शुभारंभ किया।कलश यात्रा में हजारों की संख्या में मातृशक्ति और श्रद्धालु शामिल हुए।हाथी-घोड़ों,धार्मिक एवं सांस्कृतिक टोलियों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच निकली यात्रा में चारों ओर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे।
कलश यात्रा की भव्यता का विशेष आकर्षण हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा रही।आसमान से बरसते फूलों और नीचे उमड़े श्रद्धालुओं के जनसैलाब ने पूरे वातावरण को अद्भुत और आध्यात्मिक बना दिया।कई किलोमीटर तक निकली यात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।ऊंचाहार की गलियों से लेकर कथा स्थल तक हर ओर शिवभक्ति का रंग दिखाई दिया।कथा स्थल पर पहुंचने के बाद श्रीमती नीलम पांडेय सहित हजारों मातृशक्ति ने विधि-विधान से पवित्र कलश स्थापित किए।इसके बाद सामूहिक रूप से हर-हर महादेव का उद्घोष हुआ,जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।पूरे ऊंचाहार और रायबरेली में श्री शिव महापुराण कथा को लेकर जबरदस्त उत्साह है।बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में शामिल होने की तैयारी में हैं।आयोजन को लेकर प्रशासनिक एवं आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा,पेयजल,पार्किंग,सुरक्षा,यातायात और बैठने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।आयोजक कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि यह आयोजन ऊंचाहार की धरती के लिए आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा का श्रवण करने और महादेव की भक्ति में सहभागी बनने का आह्वान किया।शुक्रवार से ऊंचाहार,रायबरेली की पावन धरती पर श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ होगा।