अहमदाबाद मंडल में सत्यनिष्ठा की शपथ, भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प

अहमदाबाद मंडल में सत्यनिष्ठा की शपथ, भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति किया गया जागरूक

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत 26 अक्टूबर 2026 को अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का आयोजन 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? विषय के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके साथ ही अहमदाबाद मंडल में 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक तीन माह का सतर्कता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना, नैतिक मूल्यों को मजबूत करना और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के प्रति सजग बनाना है।

शपथ कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता के साथ करने और किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार से दूर रहने पर जोर दिया गया।

अभियान के अंतर्गत मंडल में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कर्मचारियों को दैनिक कार्यों में सत्यनिष्ठा और नैतिक आचरण के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। इसके अलावा क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान देते हुए कर्मचारियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि रेलवे की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा सके।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कार्यों में ईमानदारी एवं पारदर्शिता को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने तथा अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने पर बल दिया।

रेलवे प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों में नैतिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना और कार्यस्थल पर भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण तैयार करना है, जिससे आम जनता को बेहतर, पारदर्शी और जवाबदेह रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।