अम्बाला रेलवे ने यात्रियों की चिकित्सा सुरक्षा के लिए उठाया बड़ा कदम

यात्रियों की सुरक्षा के लिए अम्बाला मंडल की बड़ी पहल, 1.52 करोड़ की लागत से मिलेंगे 60 इमरजेंसी मेडिकल बॉक्स

मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने 23 मेडिकल बॉक्स ट्रेनों में करवाए उपलब्ध, रेलवे अस्पताल में नए मेडिकल केबिन का किया शिलान्यास

अम्बाला। यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा के दौरान अचानक स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल में करीब 1.52 करोड़ रुपये की लागत से 60 इमरजेंसी मेडिकल बॉक्स उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इनमें से 23 मेडिकल बॉक्स विभिन्न यात्री ट्रेनों में रखवाए जा चुके हैं, जबकि शेष 37 मेडिकल बॉक्स रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

रेलवे बोर्ड और चिकित्सा निदेशालय के निर्देशों के साथ सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन के अनुरूप शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा के दौरान किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने या चिकित्सा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है। ये 23 मेडिकल बॉक्स चंडीगढ़, अम्बाला छावनी, बठिंडा और कालका डिपो से संचालित होने वाली चिन्हित यात्री ट्रेनों में रखे गए हैं।

मेडिकल बॉक्स की उपलब्धता और रखरखाव की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है। रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन अधीक्षक और स्टेशन मास्टर इसकी देखरेख करेंगे, जबकि ट्रेनों में ट्रेन सुपरिंटेंडेंट और टीटीई मेडिकल बॉक्स के संरक्षक होंगे। इससे जरूरत पड़ने पर यात्रियों को समय पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

वहीं, रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने मंडल रेलवे अस्पताल में मरीजों के लिए बनाए जाने वाले नए मेडिकल केबिनों का शिलान्यास किया। इन केबिनों के निर्माण से अस्पताल में भर्ती मरीजों को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक उपचार वातावरण मिलेगा। साथ ही अस्पताल की मौजूदा चिकित्सा व्यवस्थाएं भी मजबूत होंगी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने कहा कि रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर उन्नयन और विस्तार के लिए मंडल प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।