Chandauli News:जब औचक निरीक्षण को पहुंचे एसपी, चकिया कोतवाली में काजू कतली की मिठास और काजू नमकीन से हुआ स्वागत रास्ते में थाना प्रभारी से हुई मुलाकात सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों ने संभाली व्यवस्था

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली। सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग की हकीकत परखने के लिए शुक्रवार को एसपी आकाश पटेल अचानक चकिया कोतवाली पहुंच गए। एसपी के औचक निरीक्षण की जानकारी पहले से थाना पुलिस को नहीं थी। हालांकि रास्ते में एसपी की मुलाकात चकिया कोतवाली के थाना प्रभारी से हो गई। थाना प्रभारी किसी विभागीय कार्य से जा रहे थे। उन्होंने एसपी के कोतवाली पहुंचने की सूचना तत्काल पुलिसकर्मियों को दी और सभी को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए आगाह कर दिया।

इसके बाद एसपी के कोतवाली पहुंचते ही पुलिसकर्मियों में हलचल बढ़ गई। उनका काजू कतली की बर्फी और काजू नमकीन खिलाकर स्वागत किया गया। इसके बाद एसपी ने बिना देर किए कोतवाली की व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया। परिसर की साफ-सफाई से लेकर कार्यालय, बैरक, मेस, हवालात और शौचालय तक का निरीक्षण किया। साथ ही थाने में रखे अभिलेखों और विभिन्न पत्रावलियों की बारीकी से पड़ताल की।एसपी ने कार्यालय में रखे कार्यालय रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, फ्लाई शीट, रोजनामचा, त्योहार रजिस्टर और हिस्ट्रीशीट आदि को देखा। उन्होंने सभी अभिलेखों को समय से अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। कहा कि थाने से संबंधित अभिलेखों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अभिलेखों में दर्ज सूचनाएं अद्यतन रहने से पुलिसिंग को प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।

*मालखाने और शस्त्रागार की भी हुई जांच*
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मालखाने में रखे माल-मुकदमाती सामानों की स्थिति देखी। लंबित मामलों से संबंधित संपत्ति के निस्तारण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। इसके बाद शस्त्रागार पहुंचकर वहां रखे शस्त्रों और दंगारोधी उपकरणों की स्थिति परखी।शस्त्रों की साफ-सफाई, रखरखाव और उनकी कार्यशीलता की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों को शस्त्रों के सुरक्षित संचालन और उपकरणों के उचित प्रयोग के संबंध में भी निर्देश दिए।

*मिशन शक्ति केंद्र पर महिला शिकायतों का लिया फीडबैक*
एसपी ने कोतवाली परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया। वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों से महिला शिकायतकर्ताओं से प्राप्त प्रार्थना पत्रों, उन पर हुई कार्रवाई और शिकायतकर्ताओं से मिले फीडबैक की जानकारी ली। महिला संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी ने कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों और पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शिकायतकर्ता को समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा मिले, यह पुलिस की जिम्मेदारी है।

*यक्ष ऐप पर भी कसी निगरानी की नकेल*
आधुनिक पुलिसिंग और डिजिटल बीट व्यवस्था के तहत एसपी ने यक्ष ऐप के संचालन और डेटा फीडिंग की भी समीक्षा की। उन्होंने बीट पुलिस अधिकारियों की ओर से की जा रही डिजिटल मैपिंग और क्षेत्र की निगरानी की स्थिति देखी। हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अपराधियों, संवेदनशील स्थानों और त्योहारों से जुड़े क्षेत्रों की जानकारी को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।बीट पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, किरायेदारों, नए आगंतुकों और अपराधियों से संबंधित सूचनाओं को नियमित रूप से यक्ष ऐप पर अद्यतन करें। ऐप से मिलने वाले अलर्ट और सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

*भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ाएं गश्त, अपराधियों पर रखें नजर*
निरीक्षण के बाद एसपी ने थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों के साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। चिन्हित अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने और उनके खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने को कहा।एसपी ने आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के साथ यातायात नियमों का पालन कराने पर भी जोर दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में किसी भी स्तर की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और बेहतर जनसुनवाई पुलिस की प्राथमिकता है। सभी पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जिम्मेदारी के साथ काम करें।