Chandauli News:कार्यस्थल पर पहुंचकर पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन ने किया महिला पुलिस अधिकारियों का सम्मान सीओ डॉ. चारु द्विवेदी और आरपीएफ प्रभारी अनीता कुमारी को मिला कर्मयोगिनी सम्मान-2026

 

मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी शक्ति के योगदान को किया गया सम्मानित, महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के प्रयासों को सराहा

चकिया।नारी शक्ति के सम्मान और समाज में उनके उत्कृष्ट योगदान को पहचान दिलाने के उद्देश्य से पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश की ओर से कर्मयोगिनी सम्मान-2026 के तहत पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली दो महिला अधिकारियों को सम्मानित किया गया। नवरात्र के पावन पर्व और उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान के दृष्टिगत पुलिस लाइन में तैनात क्षेत्राधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन (मुगलसराय) की आरपीएफ प्रभारी अनीता कुमारी को उनके कार्यस्थल पर पहुंचकर सम्मान पत्र और अंगवस्त्र भेंट किया गया। फाउंडेशन की ओर से दोनों अधिकारियों को यह सम्मान पुलिस सेवा के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि महिला अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और समाज में महिलाओं के प्रति विश्वास कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसी कर्मठ महिलाओं का सम्मान अन्य महिलाओं और युवतियों को भी अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति जैसे अभियान महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाते हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। आरपीएफ प्रभारी अनीता कुमारी ने सम्मान के लिए आभार जताते हुए कहा कि रेलवे परिसर में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना ही सच्ची जनसेवा है।

पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन के प्रबंधक एवं शासन से मान्यता प्राप्त पत्रकार प्रशांत कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। कर्मयोगिनी सम्मान के माध्यम से उन महिलाओं के कार्यों को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, जो अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहकर सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।इस अवसर पर पत्रकार कार्तिकेय पांडेय, अमरदीप गुप्ता, मनोज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।