Chandauli News:तीज के रंग में रंगा पीडीडीयू नगर, सजी नारी शक्ति की महफिल, कजरी और लोकगीतों की सुरमयी शाम ने मोहा मन


महिला शिक्षिकाओं ने गीत-नृत्य से बिखेरी प्रतिभा की चमक,
नारी शक्ति सम्मान से बढ़ा आयोजन का उत्साह और गौरव

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

पीडीडीयू नगर। महिला शिक्षक संघ चंदौली के तत्वावधान में गुरुवार को नारी शक्ति सम्मान समारोह एवं तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जनपदभर से पहुंचीं महिला शिक्षिकाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। तीज के रंग में रंगे आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल और विशिष्ट अतिथि पूर्व चेयरमैन रेखा जायसवाल ने किया। महिला शिक्षक संघ की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में महिलाओं की प्रतिभा, कार्यक्षमता और सामाजिक योगदान को सम्मान देने के साथ ही भारतीय संस्कृति और तीज पर्व की परंपराओं को सहेजने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम की निदेशक एवं महिला शिक्षक संघ चंदौली की जिलाध्यक्ष डॉ. सुनीता तिवारी के नेतृत्व में आयोजित समारोह में महिला शिक्षिकाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीत, कजरी, सुहाग गीत, एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, फिल्मी गीत और गजल की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। तीज के पारंपरिक रंग और महिलाओं के उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।

समारोह के दौरान नारी शक्ति सम्मान के माध्यम से महिला शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका और उनके योगदान को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तीज पर्व की सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्ता पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि तीज जैसे पर्व भारतीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी प्रतिभा सामने रखने का अवसर देते हैं।जिलाध्यक्ष डॉ. सुनीता तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आपसी सौहार्द, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षिकाएं शिक्षा के क्षेत्र में जिम्मेदारी निभाने के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। समारोह उत्साह, उमंग और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
आयोजन में महिला शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी की विभिन्न पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहीं। संरक्षिका, उपाध्यक्ष, संगठन मंत्री, मीडिया प्रभारी, प्रचार मंत्री समेत विभिन्न दायित्व संभाल रहीं महिला शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।