मेधावियों के सम्मान में प्रतिभा अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन

आलापुर (अंबेडकर नगर)| प्रदेश एवं जनपद की टाप टेन सूची में स्थान बनाकर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले चित बहाल आदर्श बालिका इण्टर कालेज पूरनपुर में मेधावियों के सम्मान में प्रतिभा अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि विद्यालय की छात्रा अदिति सिंह ने प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है मुख्यमंत्री द्वारा 1 लाख रुपए और सम्मानपत्र के साथ सम्मानित किया जाएगा । जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर अदिति सिंह ने तथा तीन अन्य छात्राओं साक्षी यादव जिले में चौथा स्थान,अम्बिका सिंह, अनुष्का यादव ने जिले में आठवां स्थान प्राप्त किया है उनको जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। बच्चों को इन टापर बच्चों को अपना रोल माडल मानकर पढ़ाई करनी चाहिए जिससे वह भी इस सम्मान को प्राप्त कर सके। मालूम हो हाईस्कूल में अदिति सिंह 96.66 साक्षी यादव 95.5 अंबिका सिंह 94.8 अनुष्का यादव 94.8 , इंटरमीडिएट मे नीलू गुप्ता 96.1 श्रेया मिश्रा, प्राची पाण्डेय, चांदनी तिवारी, ममता यादव, हर्षित यादव आदि 75 छात्र छात्राओं को शील्ड एवं मेडल देकर जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को प्रधानाचार्या डॉ श्रीमती सुषमा सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय सीमित संसाधन के बावजूद प्रदेश में अलग स्थान रखता है जिसके लिए हमारे अभिभावक का सहयोग शिक्षक शिक्षिकाओं की मेहनत और छात्र छात्राओं लगन से विद्यालय का नाम रोशन हो रहा है जिसके लिए मैं सभी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। विद्यालय के प्रबंधक डा, महेन्द्र प्रताप सिंह ने शिक्षा के मार्ग में संसाधनों की कोई कमी नहीं आने का भरोसा दिया और आए हुए अतिथियों का अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। प्रतिभा अलंकरण सम्मान समारोह को भाजपा नेता यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव योगेंद्रनाथ तिवारी,सुरेन्द्र सिंह, डा,उदयराज मिश्रा, गोपाल सिंह, चंद्रपाल सिंह,आदि गणमान्य लोगों ने संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या एवं विद्यालय परिवार के साथ छात्र छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाल सिंह ने किया जबकि शानदार संचालन डा,सत्यवान एवं श्रीमती एकता सिंह ने किया कार्यक्रम में हाईस्कूल के 479 एवं इंटरमीडिएट के 518 उत्तीर्ण छात्र छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।