सुशासन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के आदर्श प्रेरक है श्रीराम :-महंथ देवेशाचार्य 

कादीपुर,सुल्तानपुर : राम नवमी के पावन अवसर पर संत तुलसीदास पीजी कॉलेज कादीपुर में संस्थापकाध्यक्ष कर्मयोगी पंडित रामकिशोर त्रिपाठी की 101वी जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। तुलसी और रामकिशोर त्रिपाठी की प्रतिमा पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण करने के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। रामनवमी के उपलक्ष्य में भगवान श्री राम के जन्म और जीवन पर केंद्रित गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंथ देवेशाचार्य जी महाराज ने कहा कि :- राम भारतीय संस्कृति के कीर्ति स्तंभ है। जन जन के हृदय में रमण करने वाले राम हमारे राष्ट्र के प्राणविंदु हैं। उन्होंने कहा कि राम का चरित्र मानव जीवन में पग पग पर कल्याणकारी है। हिन्दु धर्म शास्त्रों के अनुसार त्रेतायुग में रावण के अत्याचारों को समाप्त करने तथा धर्म की पुनःर्स्थापना के लिये भगवान विष्णु ने मृत्यु लोक में श्रीराम के रूप में अवतार लिया था। श्रीरामचन्द्रजी का जन्म चैत्र शुक्ल की नवमी के दिन पुनर्वसु नक्षत्र तथा कर्क लग्न में रानी कौशल्या की कोख से, राजा दशरथ के घर में हुआ था। इस पर्व के साथ ही माँ दुर्गा के नवरात्रों का समापन भी होता है। हिन्दू धर्म में रामनवमी के दिन पूजा अर्चना की जाती है। रामनवमी का सनातन धर्म में विशेष धार्मिक और पारंपरिक महत्व है जो हिंदू धर्म के लोगों के द्वारा पूरी भक्ति, आस्था एवं उत्साह के साथ मनाया जाता है। भगवान विष्णु के अवतार श्रीराम का धरती पर अवतार लेने का एकमात्र उद्देश्य अधर्म का नाश कर धर्म की पुनः स्थापना करना था जिससे सामान्य मानव शांति, प्रेम एवं सुख के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सके, साथ ही भगवान की भक्ति कर सके। उन्हें किसी प्रकार का दुःख या कष्ट न सहना पड़ें। भगवान श्रीराम अविनाशी परमात्मा हैं जो सबके सृजनहार व पालनहार हैं। दरअसल श्रीराम के लोकनायक चरित्र ने जाति, धर्म और संप्रदाय की संकीर्ण सीमाओं को लांघ कर जन-जन को अनुप्राणित किया। भारत में ही नहीं, दुनिया में श्रीराम अत्यंत पूज्यनीय हैं और आदर्श पुरुष हैं। थाईलैंड, इंडोनेशिया आदि कई देशों में भी श्रीराम आदर्श के रूप में पूजे जाते हैं। श्रीराम केवल भारतवासियों या केवल हिन्दुओं के मर्यादा पुरुषोत्तम नहीं हैं, बल्कि बहुत से देशों, जातियों के भी मर्यादा पुरुष हैं जो भारतीय नहीं। रामायण में जो मानवीय मूल्य दृष्टि सामने आई, वह देशकाल की सीमाओं से ऊपर उठ गई। वह उन तत्वों को प्रतिष्ठित करती है, जिन्हें वह केवल पढ़े-लिखे लोगों की चीज न रहकर लोक मानस का अंग बन गई। इंडोनेशिया जैसे मुस्लिम राष्ट्र में नागरिक रामलीला का मंचन करते हैं तो क्या वे अपने धर्म से भ्रष्ट हो जाते हैं? इस मुस्लिम देश में रामलीलाओं का मंचन भारत से कहीं बेहतर और शास्त्रीय कलात्मकता, उच्च धार्मिक आस्था के साथ किया जाता है। ऐसा इसलिये संभव हुआ है कि श्रीराम मानवीय आत्मा की विजय के प्रतीक महापुरुष हैं, जिन्होंने धर्म एवं सत्य की स्थापना करने के लिये अधर्म एवं अत्याचार को ललकारा। इस तरह वे अंधेरों में उजालों, असत्य पर सत्य, बुराई पर अच्छाई के प्रतीक बने।

विशिष्ट अतिथि सत्यपथ फाउंडेशन के सी. ई. ओ. विवेक तिवारी ने कहा कि राम हमारे आदर्श हैं। उनका संघर्षमय जीवन हमारे समाज के प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत प्रेरणास्पद है। श्रीराम न केवल भारत के लिये बल्कि दुनिया के प्रेरक है, पालनहार है। भारत के जन-जन के लिये वे एक संबल हैं, एक समाधान हैं, एक आश्वासन हैं निष्कंटक जीवन का, अंधेरों में उजालों का। भारत की संस्कृति एवं विशाल आबादी के साथ दर्जनभर देशों के लोगों में यह नाम चेतन-अचेतन अवस्था में समाया हुआ है। यह भारत जिसे आर्यावर्त भी कहा गया है, उसके ज्ञात इतिहास के श्रीराम प्रथम पुरुष एवं राष्ट्रपुरुष हैं, जिन्होंने सम्पूर्ण राष्ट्र को उत्तर से दक्षिण, पश्चिम से पूर्व तक जोड़ा था। दीन-दुखियों और सदाचारियों की दुराचारियों एवं राक्षसों से रक्षा की थी। सबल आपराधिक एवं अन्यायी ताकतों का दमन किया। सर्वाेच्च लोकनायक के रूप में उन्होंने जन-जन की आवाज को सुना और राजतंत्र एवं लोकतंत्र में जन-गण की आवाज को सर्वाेच्चता प्रदान की। श्रीराम ने ऋषि-मुनियों के स्वाभिमान एवं आध्यात्मिक स्वाधीनता की रक्षा कर उनके जीवन, साधनाक्रम एवं भविष्य को स्वावलम्बन एवं आत्म-सम्मान के प्रकाश से आलोकित किया। इस मायने में श्रीराम राष्ट्र की एकता के सूत्रधार एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रेरक है, इसीलिये श्रीराम मन्दिर लोकतंत्र का भी पवित्र तीर्थ होगा। महाविद्यालय प्रबन्ध समिति अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय ने कहा कि राम मानवता के अप्रतिम पुजारी थे। उनका समस्त जीवन उदात्त कर्म का संदेश देता है। प्रबंधक सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि राम मानवीय मूल्यों के जीवंत प्रतीक हैं। वे हमारे लिए परम अनुकरणीय हैं। उपप्रबंधक अरविंद चतुर्वेदी ने राम को जीवन मूल्यों का परम संरक्षक बताया। गोष्ठी को प्राचार्य प्रो आर एन सिंह, अब्दुल हमीद, डॉ अजय कुमार तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ सतीश सिंह ने किया. इस अवसर पर डॉ जितेंद्र तिवारी, डॉ मदन मोहन सिंह, डॉ ओंकारनाथ नाथ द्विवेदी, डॉ गौरव त्रिपाठी,अब्दुल रशीद, डॉ सुशील कुमार पांडेय, डॉ जितेन्द्र कुमार उपाध्याय, संजय तिवारी, मनीष तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार श्याम चन्द्र श्रीवास्तव, रमाकांत बरनवाल, विजय गिरी, अम्बरीष मिश्रा, प्रो यस बी सिंह, डॉ विजय कुमार तिवारी,डॉ कीर्ति कुमार पांडेय, पूर्व शिक्षा शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो आदित्य नारायण त्रिपाठी, पूर्व संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ सुशील पांडेय, पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ ओंकार नाथ द्विवेदी, रीतेश दुबे, डॉ महिमा सिंह, डॉ बन्दना मिश्रा, डॉ कुमुद राय, डॉ जीनत रफीक, डॉ रवींद्र मिश्र, डॉ सुरेन्द्र प्रताप तिवारी, दीपक तिवारी, डॉ करुणेश प्रकाश भट्ट, डॉ0 अशोक कुमार पाण्डेय, डॉ0 विजय नारायण तिवारी,, प्रतीक मौर्या, नरेन्द्र कुमार, अखिलेश कुमार यादव, उमाशंकर गुप्ता, डॉ0 चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, डा0 राजेप्द्र कुमार मिश्रासंजय मिश्रा, सुरेन्द्र मिश्रा आदिशिक्षक वकर्मचारी उपस्थित रहे।