प्रधान के भाई पर लाठी-डंडों से हमला, अस्पताल में भर्ती

रजावली, फ़िरोज़ाबाद। थाना रजावली क्षेत्र के नगला बीच गांव में दबंगों ने ग्राम प्रधान खरग सिंह के भाई सुनील सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सुनील सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एक अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके पैर में फैक्चर हुआ है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ग्राम प्रधान खरग सिंह ने इस हमले के पीछे गांव के ही कुछ लोगों का हाथ बताया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाना रजावली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।