सर्राफा व्यवसाई लूट कांड में मुख्य साजिशकर्ता को पुलिस ने किया गिरफ्तार

लालगंज,रायबरेली।चार दिन पूर्व हुई 65 लाख रुपये के सोने के जेवरातों की लूट की घटना के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को दबोच लिया है। उसके पास से आधा किलो के लगभग सोना भी बरामद हो गया है। मुख्य आरोपी पम्मू सोनी लूटकांड के शिकार गोलू सोनी के मामा का लड़का है। उसने ही बाहर से बदमाशों को बुलाकर लूट कराई थी।वह इसके अलावा भी कई लूट कांडों में शामिल रहा है। वह मुख्य रूप से हसवा फतेहपुर का रहने वाला है, लेकिन अपने जीजा सुनील सोनी के यहां बाईपास में रहकर सर्राफा व्यवसाय का काम मंडी में ही करता है। पम्मू सोनी क्रिमिनल व्यक्ति है। उसका परिवार भी अपराधी किस्म का है। वह मर्डर के केस में जेल भी जा चुका है।बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के पूर्व पम्मू सोनी, लूटकांड के पीड़ित गोलू सोनी के साथ हर वक्त चिपका रहता था और वारदात का खुलासा न होने पर बाजार बंद कराने की भी धमकी देता था। वास्तव में पुलिस को पहले ही किसी रिश्तेदार व परिजन के लूट कांड में शामिल होने का शक था।पुलिस ने जब गोलू सोनी के रिश्तेदारों और परिजनों की हिस्ट्री तलाशी तो उसमें पम्मू सोनी हिस्ट्रीशीटर निकला। गुरुवार को जब अपर पुलिस अधीक्षक गोलू सोनी और पम्मू सोनी को बुलाकर पूछताछ कर रहे थे तभी पुलिस को उसके ऊपर शक हो गया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।थोड़ी ही देर में पुलिसिया ढंग से जब उससे पूछताछ हुई तो उसने सब कुछ कबूल लिया। पम्मू सोनी के लूटकांड की वारदात में शामिल होने के कबूलनामे के बाद पुलिस महकमें में खुशी की लहर दौड़ गई। पुलिसकर्मी रातभर उसकी निशानदेही पर लूट कांड का सोना बरामद करने में लगी रही।रात में ही पुलिस ने लालगंज सराफा मंडी में जिन-जिन सुनारों के यहां पम्मू सोनी ने माल बेचा था उनको भी धर लिया और उनके यहां से लूट कांड का सोना भी बरामद किया। लालगंज कस्बे के सराफा मंडी के दुकानदारों ने ही लूट कांड का सोना खरीदा था।जिसमें मुख्य रूप से अनिल, शिव सोनी, विष्णु सोनी, सुनील चौधरी, संजय सोनार आदि शामिल हैं।बताते चलें कि गुरुवार को स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पीड़ित गोलू सोनी के घर लालगंज पहुंच कर जहां उसे सांत्वना दी थी। वहीं पुलिस को बुलाकर फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द खुलासा किए जाने का निर्देश दिया था।राज्य मंत्री की फटकार रंग लाई और पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।पुलिस लूट कांड में शामिल अन्य बदमाशों को भी पकड़ने की फिराक में है। बता दें कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष विवेक शर्मा, जिला अध्यक्ष रोहित सोनी सहित उनकी टीम ने घटना के खुलासे के लिए लगातार पुलिस की मदद की, जिससे इतनी जल्दी मुख्य आरोपी पकड़ लिया गया।