चंदौली -जनपद में सत्ता पक्ष ने खोल दिया अपना पत्ता,धनबली के इस सारथी को मिला टिकट

चंदौली जनपद में सत्ता पक्ष ने खोल दिया अपना पत्ता,धनबली के इस सारथी को मिला टिकट

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली- जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर राजनीति अब गरमाने लगी है। सपा के बाद सत्ता पक्ष ने अपना पत्ता खोल दिया है। भाजपा ने अपनों को दरकिनार कर निर्दलीय उम्मीदवार दीनानाथ शर्मा को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। जिला पंचायत चुनाव में महज आठ सीटों पर सिमटी भाजपा इस बार निर्दलियों के भरोसे जिले की सबसे बड़ी कुर्सी पर काबिज होने की जुगत में जुटी है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनता ने सत्ता पक्ष पर कम ही भरोसा जताया था। ऐसे में पार्टी के 35 में महज आठ प्रत्याशी जीते थे। हालांकि पार्टी से टिकट न मिलने पर तीन उम्मीदवारों ने बागी के तौर चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। सपा ने 12 पदों पर कब्जा जमाया। बसपा महज तीन पदों पर सिमट गई। दो पद क्षेत्रीय दलों के खाते में गए। शेष पदों पर निर्दलियों ने जीत दर्ज कर अपनी लोकप्रियता साबित की। ऐसे में भाजपा के पास कोई दमदार उम्मीदवार नहीं था, जिस पर दाव लगाया जा सके। ऐसे में शहाबगंज सेक्टर नंबर दो से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज करने वाले निर्दलीय उम्मीदवार दीनानाथ शर्मा को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। प्रदेश नेतृत्व की संस्तुति के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह व प्रदेश संगठन मंत्री मीना चौबे ने सोमवार को जिला कार्यालय में प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। दीनानाथ ने इसके लिए सत्ता पक्ष का आभार प्रकट किया। बोले, पार्टी के मूल मंत्र सेवा की संगठन को उद्देश्य बनाकर काम करूंगा। सरकार की नीतियों व जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, उमाशंकर सिंह, अनिल तिवारी, शिवराज सिंह, जैनेंद्र राम, राजकुमार जायसवाल, अनिल सिंह मौजूद थे।