जनपद न्यायालय के चार कर्मी पाए गए कोरोना पॉजिटिव, दो दिन बन्द रहेगा न्यायालय

कासगंज: जनपद न्यायालय में कार्यरत चार कर्मियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिस पर जनपद न्यायाधीश ने न्यायालय को दो दिन बन्द रखने के आदेश जारी किए हैं।

सोमवार को जनपद न्यायालय में कार्यरत चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से संक्रमण की पुष्टि होते ही जनपद न्यायाधीश दिवेश चंद्र सामंत ने जनपद न्यायालय को 6 व 7 अप्रैल को बंद रखने के आदेश जारी किये हैं। इस दौरान जनपद न्यायालय को सेनेटाइज किया जाएगा। प्रभारी अधिकारी, नजारत और कोविड-19 कमेटी के सदस्यों की न्यायालय परिसर की सम्पूर्ण सेनेटाइज होने की आख्या प्राप्त होने के बाद दिनांक 8 अप्रैल 2021 को सुबह न्यायालय खोला जाएगा। इस दौरान ग्राम न्यायालय पटियाली जनपद कासगंज पूर्व की भांति क्रियाशील रहेगा।

इस संबंध में जनपद न्यायाधीश ने जिलाधिकारी/मुख्य चिकित्साधिकारी/अधिशासी अधिकारी नगरपालिका कासगंज को सम्पूर्ण न्यायालय परिसर (समस्त न्यायालय कार्यालय, अधिवक्ताओं के चैम्बर) को त्वरित रूप से सेनेटाइजेशन करने के आदेश भी दिए हैं। इसके साथ ही उपरोक्त संक्रमित लोगों के सम्पर्क में आने वाले सभी अधिवक्ताओं, उनके लिपिक, सभी वादकारी व न्यायालय के कर्मचारियों को अविलम्ब अपनी कोरोना जांच कराने के आदेश भी दिए हैं।