चंदौली- जनपद निवासी पत्रकार सुनील सिंह सड़क दुर्घटना में घायल, दो अन्य साथियों की मौत

चंदौली जनपद निवासी पत्रकार सुनील सिंह सड़क दुर्घटना में घायल, दो अन्य साथियों की मौत

संवाददाता कार्तिकेय पांडेय

चंदौली- भदोहीं(ज्ञानपुर)ऊंज थाना क्षेत्र के नवधन गांव के समीप रविवार को तड़के कोहरे के चलते तेज रफ्तार कार ट्रेलर में पीछे से भिड़ गई। दुर्घटना में कार सवार 48 वर्षीय शिक्षक संजय सिंह निवासी मधुपुर धानापुर चंदौली और रामनगर निवासी 28 वर्षीय गौरव सिंह की मौत हो गई।जबकि चंदौली जनपद के एकौनी निवासी राजेश सिंह, खोर निवासी उपजा सकलडीहा इकाई के पूर्व अध्यक्ष पत्रकार सुनिल सिंह और कार चालक अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग आगरा में ताजमहल देखकर और घूमकर वापस घर लौट रहे थे। नवधन गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कर पहले से खराब खड़े टैंकर में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। थाना प्रभारी सुनील त्रिपाठी तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने संजय सिंह और गौरव सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चंदौली निवासी राजेश सिंह, सुनील सिंह और कार चालक मुगलसराय क्षेत्र निवासी अमित यादव को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। सुनील सिंह बरहनी ब्लाक के कंदवा क्षेत्र के एक हिंदी दैनिक के क्षेत्रीय संवाददाता हैं। जानकारी के अनुसार घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है।