ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की टनल-14 का ब्रेकथ्रू पूरा

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को बड़ी कामयाबी, 6.59 किलोमीटर लंबी टनल-14 की मुख्य खुदाई पूरी

रुद्रप्रयाग में आरवीएनएल ने हासिल की टनल ब्रेकथ्रू की बड़ी उपलब्धि, सुमेरपुर और मारोड़ा की ओर से हुई खुदाई आपस में जुड़ी

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) ने 27 नवंबर 2026 को परियोजना की 6.59 किलोमीटर लंबी टनल-14 की मुख्य सुरंग का ब्रेकथ्रू सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इस उपलब्धि के साथ सुरंग के दोनों छोरों से की जा रही खुदाई आपस में जुड़ गई है। सुमेरपुर स्थित पोर्टल-1 से 4.7 किलोमीटर और मारोड़ा स्थित पोर्टल-2 से 1.79 किलोमीटर की खुदाई पूरी की गई है।

इस सुरंग का निर्माण बेहद चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में किया गया है। पोर्टल-1 पर आबादी वाले क्षेत्रों के नीचे 110 मीटर लंबे ट्रिपल-ट्रैक सुरंग खंड की खुदाई ढीली मिट्टी और जमीन की सतह से महज 20 से 30 मीटर नीचे की गई। इस संवेदनशील हिस्से में जमीन की स्थिरता बनाए रखने के लिए प्री-एक्सकेवेशन और मल्टी-ड्रिफ्टिंग जैसी विशेष तकनीकों का इस्तेमाल किया गया।

वहीं, मारोड़ा स्थित पोर्टल-2 पर सुरंग निर्माण के दौरान जमीन धंसने और भूमि व मकानों के अधिग्रहण जैसी चुनौतियां सामने आईं। ढलान को सुरक्षित बनाने के लिए 30 से 35 मीटर गहरे माइक्रोपाइल्स, 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इन सुरक्षा उपायों के बाद मार्च 2024 में मुख्य सुरंग की खुदाई का कार्य शुरू किया जा सका।

पोर्टल-2 पर लगभग 100 मीटर हिस्से में मशीनों से खुदाई की गई। आसपास की बस्तियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों पोर्टल के नजदीक नियंत्रित ब्लास्टिंग केवल दिन के समय की गई, ताकि स्थानीय आबादी पर कंपन और अन्य प्रभावों को न्यूनतम रखा जा सके।

सुरंग के पोर्टल-1 से 4.7 किलोमीटर लंबे हिस्से में निर्माण कार्य के दौरान बेहतर वायु प्रवाह और तापमान नियंत्रण के लिए विशेष वेंटिलेशन सिस्टम भी लगाए गए। इससे सुरंग के भीतर काम करने वाले कर्मचारियों को ताजी हवा उपलब्ध कराने और अनुकूल तापमान बनाए रखने में मदद मिली।

टनल-14 का मुख्य ब्रेकथ्रू ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कठिन पहाड़ी भूगोल, चुनौतीपूर्ण मिट्टी और आबादी वाले क्षेत्रों के नीचे सुरक्षित निर्माण जैसी बाधाओं को पार कर हासिल की गई यह सफलता उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।