त्योहारी सीजन में उत्तर रेलवे ने बनाया नया रिकॉर्ड, 1.82 करोड़ यात्रियों को पहुंचाया गंतव्य तक

त्योहारी सीजन में उत्तर रेलवे ने बनाया नया रिकॉर्ड, 1.82 करोड़ यात्रियों को पहुंचाया गंतव्य तक

विशेष ट्रेनों के 7,085 फेरे संचालित, पिछले साल के मुकाबले 10 लाख अधिक यात्रियों ने किया सफर

दिल्ली। 2026 के पूजा एवं त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ के बावजूद उत्तर रेलवे ने बेहतर परिचालन व्यवस्था का प्रदर्शन करते हुए लगभग 1.82 करोड़ यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा प्रदान की। विशेष रेलगाड़ियों के फेरों में वृद्धि, नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने और यात्रियों की मांग पर लगातार निगरानी के चलते रेलवे ने पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2026 के त्योहारी सीजन में उत्तर रेलवे और अन्य समन्वयक क्षेत्रीय रेलों ने विशेष रेलगाड़ियों के कुल 7,085 फेरे संचालित किए, जबकि वर्ष 2025 में इसी अवधि के दौरान 4,666 फेरे संचालित हुए थे। इस तरह पिछले वर्ष के मुकाबले विशेष ट्रेनों के संचालन में उल्लेखनीय वृद्धि की गई।

उन्होंने बताया कि नियमित और विशेष रेल सेवाओं के माध्यम से इस वर्ष लगभग 1.82 करोड़ यात्रियों ने सफर किया, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 1.72 करोड़ थी। इस प्रकार करीब 10 लाख अतिरिक्त यात्रियों को यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई गई। दैनिक यात्री संख्या भी 3.91 लाख से बढ़कर 4.14 लाख तक पहुंच गई। इसके चलते प्रतिदिन लगभग 22,700 अतिरिक्त यात्रियों को सुविधा मिली।

त्योहारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नियमित रेलगाड़ियों में 581 अतिरिक्त कोच लगाए, जबकि पिछले वर्ष 123 अतिरिक्त कोच लगाए गए थे। इस तरह कोच बढ़ाने की व्यवस्था में लगभग 372 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कुल यात्रियों में लगभग 1.66 करोड़ यात्रियों ने नियमित रेल सेवाओं और 12.83 लाख यात्रियों ने विशेष मांग आधारित रेलगाड़ियों के माध्यम से यात्रा की।

उत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था और यात्रियों की मांग के अनुसार परिचालन में बदलाव कर त्योहारी सीजन में लाखों यात्रियों की यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाया।