हरदोई में एसपी ने उपनिरीक्षक को किया निलंबित, रिश्वतखोरी और जनसामान्य से अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश

हरदोई। हरपालपुर थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक को पेड़ कटवाने के नाम पर रिश्वत लेने और आम लोगों के साथ अनुचित भाषा का प्रयोग करने के आरोप में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी ने मामले में विभागीय जांच के भी निर्देश दिए हैं।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, हरपालपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह पर आरोप है कि उन्होंने 10 नवंबर 2026 को थाना क्षेत्र में पेड़ कटवाने के नाम पर उत्कोच (रिश्वत) लिया। इसके साथ ही जनसामान्य के साथ अनुचित भाषा का प्रयोग किया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कड़ी नाराजगी जताई और उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया।
एसपी ने संबंधित प्रकरण में विभागीय जांच शुरू कराने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या शिथिलता न बरतें। पुलिसकर्मियों का व्यवहार आम जनता के प्रति शालीन और जिम्मेदार होना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा जनता के साथ अनुचित व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग की छवि खराब करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।