त्योहारों पर रेलवे का बड़ा तोहफा, 19 जोड़ी विशेष ट्रेनों से यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

त्योहारों पर रेलवे का बड़ा तोहफा, 19 जोड़ी विशेष ट्रेनों से यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

अम्बाला मंडल ने जारी की विशेष ट्रेनों की सूची, अक्टूबर और नवंबर में विभिन्न प्रमुख शहरों के बीच होगा संचालन

अम्बाला। आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए 19 जोड़ी त्योहार विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे। साथ ही नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों को देश के विभिन्न प्रमुख शहरों और धार्मिक स्थलों को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जा रहा है। इनमें चंडीगढ़, अम्बाला छावनी, बठिंडा, फिरोजपुर, अमृतसर, जालंधर सिटी, जम्मूतवी, हरिद्वार और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से वाराणसी, पटना, बरौनी, मऊ, छपरा, कटिहार, कोलकाता, जयनगर, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, आगरा कैंट और अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए रेल सेवाएं शामिल हैं।

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, कुछ विशेष ट्रेनें सितंबर से नवंबर तक संचालित की जा रही हैं, जबकि उधमपुर से आगरा कैंट के बीच विशेष रेलगाड़ी का संचालन 2 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित है। अन्य विशेष रेलगाड़ियों का संचालन भी अक्टूबर और नवंबर के दौरान निर्धारित तिथियों तक किया जाएगा।

यात्रा से पहले समय-सारणी की जानकारी लेना जरूरी

त्योहारों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन ने यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित विशेष ट्रेन के संचालन दिवस, समय-सारणी, ठहराव और सीटों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) और रेल मदद के माध्यम से जानकारी हासिल कर सकते हैं।

रेलवे प्रशासन की इस पहल से त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों, परिवारों के साथ यात्रा करने वाले लोगों और धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।