अम्बाला मंडल के प्रयासों से मक्की लदान में नया कीर्तिमान, रेलवे को 3.20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय

अम्बाला। उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल ने मक्की के लदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मेसर्स एबिस फूड एंड प्रोटीन्स प्राइवेट लिमिटेड, शंभू ने वर्ष 2023 के बाद एक बार फिर मक्की के परिवहन के लिए रेलवे को विकल्प के रूप में चुना है। मंडल के सार्थक प्रयासों से वर्ष 2026 में 210 वैगनों में मक्की का सफलतापूर्वक लदान किया गया, जिससे रेलवे को 3.20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।

वर्ष 2023 में राजपुरा रेलवे स्टेशन से मक्की के 62 वैगनों का लदान किया गया था, जिससे रेलवे को 87.33 लाख रुपये की आय हुई थी। इसके बाद वर्ष 2026 में रेलवे द्वारा माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

जुलाई 2026 में एबिस फूड एंड प्रोटीन्स प्राइवेट लिमिटेड को 15 प्रतिशत व्यस्त मौसम अधिभार को 30 सितंबर 2026 तक हटाए जाने की जानकारी दी गई। इसके बाद कंपनी ने राजपुरा रेलवे स्टेशन से छत्रपति संभाजी नगर के लिए 84 वैगनों में मक्की का लदान किया। इससे रेलवे को 1.17 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।

इसी क्रम में 1 अगस्त 2026 से खाद्यान्न के लिए लागू नई युक्तिसंगत भाड़ा तालिका की जानकारी कंपनी को दी गई। इसके बाद एबिस फूड एंड प्रोटीन्स प्राइवेट लिमिटेड ने धुलकोट रेलवे स्टेशन से राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ और क्यातसंद्र, कर्नाटक के लिए 126 वैगनों में मक्की का लदान किया। इस लदान से रेलवे को 2.03 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हुई।

अम्बाला मंडल के अनुसार, माल परिवहन को बढ़ावा देने और ग्राहकों को रेलवे की सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। मक्की के 210 वैगनों का लदान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।