ऑपरेशन डिग्निटी: आरपीएफ ने बिछड़ी महिला को परिजनों से मिलाया

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर परिजनों से बिछड़ी महिला को सकुशल परिवार से मिला दिया। रेलवे सुरक्षा बल की इस पहल से महिला के परिवार ने राहत की सांस ली।

23 अक्टूबर 2026 को रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली कि प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर एक महिला अपने परिजनों से बिछड़ गई हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अशरफ अली खान ने महिला के पुत्र अर्जुन कुमार से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता ट्रेन संख्या 19484 से समस्तीपुर से चित्रकूट की यात्रा कर रहे थे। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर उनके पिता पानी लेने के लिए उतरे थे। इसी दौरान उनकी मां भी ट्रेन से उतर गईं, जबकि उनके पिता वापस ट्रेन में चढ़ गए और महिला स्टेशन पर ही रह गईं।

सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक अशरफ अली खान और रेलवे सुरक्षा बल के अन्य कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर में महिला की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान महिला प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर एक बेंच पर बैठी मिलीं। उन्होंने अपना नाम रामकली देवी, पत्नी शिबू रावत, निवासी जिला मधुबनी, बिहार बताया।

महिला असमंजस की स्थिति में थीं। ऐसे में रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारी उन्हें सीसीटीवी कक्ष में ले गए और उनके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर उनके पति शिबू रावत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, प्रयागराज छिवकी के सीसीटीवी कक्ष पहुंचे। आवश्यक पहचान और पुष्टि के बाद रामकली देवी को सकुशल उनके पति के सुपुर्द कर दिया गया।

रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता से बिछड़े परिवार का पुनर्मिलन संभव हो सका। प्रयागराज मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और सुविधा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।