जम्मू मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद, यात्रियों ने स्वच्छता व्यवस्था की सराहना की

जम्मू। स्वच्छता ही सेवा अभियान 6.0 के तहत उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में 22 अक्टूबर को प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और रेलवे परिसरों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव और प्रतिक्रियाएं प्राप्त करना रहा।

कार्यक्रम के तहत जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर, पठानकोट कैंट, पठानकोट जंक्शन सहित मंडल के अन्य स्टेशनों पर रेलवे अधिकारियों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों और हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत की।

जन संवाद के दौरान यात्रियों से रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और शौचालयों में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रतिक्रिया ली गई। यात्रियों ने सफाई व्यवस्था पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए रेलवे के प्रयासों की सराहना की और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान यात्रियों को एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने, कूड़ा-कचरा निर्धारित कूड़ेदानों में डालने और रेलवे संपत्ति को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया।

जम्मू मंडल ने स्वच्छ, सुंदर और हरित रेलवे परिसर विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वच्छता व्यवस्था में निरंतर सुधार के लिए प्रयास जारी रहेंगे।