जम्मू-कश्मीर में पहली बार रेल से पहुंचीं महिंद्रा की 108 स्कॉर्पियो, सांबा कार्गो टर्मिनल पर पहुंची रेक

जम्मू-कश्मीर में पहली बार रेल से पहुंचीं महिंद्रा की 108 स्कॉर्पियो, सांबा कार्गो टर्मिनल पर पहुंची रेक

रेल से पहुंचीं 108 स्कॉर्पियो गाड़ियां

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। महाराष्ट्र के चिंचवड से महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी की 108 स्कॉर्पियो गाड़ियों से लदी विशेष मालगाड़ी 22 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के सांबा स्थित गति शक्ति कार्गो टर्मिनल पर पहुंची। यह पहली बार है जब महिंद्रा कंपनी की गाड़ियों को रेल मार्ग से जम्मू-कश्मीर लाया गया है।

इस विशेष मालगाड़ी में 27 ऑटो कैरियर वैगन शामिल थे। पूरी रेक ने लगभग 1,992 किलोमीटर की दूरी तय की। रेलवे के माध्यम से एक साथ इतनी बड़ी संख्या में वाहनों की ढुलाई से परिवहन लागत कम करने और माल पहुंचाने की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

जम्मू मंडल में ऑटोमोबाइल की रेल से ढुलाई का विस्तार लगातार हो रहा है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में हरियाणा के मानेसर से अनंतनाग गुड्स टर्मिनल तक मारुति सुजुकी की लगभग 116 कारों की रेक पहुंचाई गई थी। इसके बाद भी रेल मार्ग से मारुति की गाड़ियों की ढुलाई की जा रही है। अब महिंद्रा की गाड़ियों की पहली रेक पहुंचने से इस व्यवस्था को और बढ़ावा मिला है।

रेल मार्ग से वाहनों की ढुलाई होने पर भारी ट्रकों की आवाजाही कम होगी, जिससे राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात का दबाव घटाने और सड़कों के रखरखाव में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय वाहन डीलरों तक गाड़ियों की आपूर्ति तेज होने और जम्मू-कश्मीर के ऑटोमोबाइल कारोबार को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

इस उपलब्धि पर जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि सांबा टर्मिनल पर महिंद्रा की पहली ऑटोमोबाइल रेक का पहुंचना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत विकसित बुनियादी ढांचा परिवहन लागत कम करने और पर्यावरण के अनुकूल माल ढुलाई को बढ़ावा देने में सहायक है। रेल मार्ग से वाहनों की आपूर्ति स्थानीय डीलरों को लाभ पहुंचाने के साथ जम्मू-कश्मीर के औद्योगिक विकास को भी गति देगी।