फिरोजपुर रेल मंडल में 9 दिनों तक गूंजे मां दुर्गा के जयकारे, 20 अक्टूबर को होगा प्रतिमा विसर्जन

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से ड्राइवर एवं गार्ड रनिंग रूम के समीप मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित कर 9 दिनों तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा पंडाल में मां दुर्गा के साथ भगवान गणेश, कार्तिकेय, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और भगवान शिव की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं।कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार और अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग ने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की और आशीर्वाद प्राप्त किया। 18 अक्टूबर को मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा की गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने आरती और रात्रि जागरण में शामिल होकर माता का गुणगान किया।19 अक्टूबर को मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना के साथ कन्या पूजन और रात्रि जागरण का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, 20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इसके बाद 21 अक्टूबर को विशाल लंगर लगाया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समिति के सक्रिय सदस्यों धर्मेंद्र कुमार, ए.के. सिंह, रमाकांत सिंह, ब्रजेश यादव, राज नारायण, विक्रांत, मुरलीधर श्रीवास्तव, मनीष कुमार, हरिताभ, धर्मेंद्र यादव, दीपक कुमार, सत्येंद्र कुमार, मनदीप कुमार, आशीष, दिलीप, अमित और मिथिलेश सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।उत्तर रेलवे फिरोजपुर के जनसंपर्क निरीक्षक विक्रांत कुमार ने बताया कि इस आयोजन में रेलवे कर्मचारियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।