गांधी जयंती पर जोधपुर स्टेशन पर चला स्वच्छता अभियान

जोधपुर। गांधी जयंती और स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर जोधपुर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वच्छता की शपथ ली और स्टेशन परिसर व पार्किंग क्षेत्र में श्रमदान किया।

इस दौरान स्काउट एंड गाइड के बच्चों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छ रेल और स्वच्छ स्टेशन का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्वच्छता गीत का विमोचन भी किया गया।

फ्रांस से आए विदेशी पर्यटकों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता का संदेश दिया। डीआरएम ने यात्रियों से संवाद कर ट्रेन और स्टेशन परिसर में कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। साथ ही सफाई कर्मचारियों से संवाद कर उनके योगदान की सराहना की।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जोधपुर मंडल में स्वच्छता संबंधी विशेष गतिविधियां 31 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेंगी। इस दौरान विभिन्न स्टेशनों, ट्रेनों, यार्ड और रेलवे परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाए जाएंगे।