वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम पहुंचे वरिष्ठ अधिवक्ता, बुजुर्गों की सुनी समस्याएं

कासगंज। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येंद्र पाल सिंह बैस ने गुरुवार को सहावर गेट स्थित नई हवेली वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों की समस्याएं सुनीं और बुजुर्ग महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सभी वृद्धजनों को फल भी वितरित किए गए।

इस दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और उन्हें दवाएं वितरित की गईं। सत्येंद्र पाल सिंह बैस ने कहा कि बुजुर्ग समाज और युवाओं के लिए आईने की तरह हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से सभ्य समाज के निर्माण में मदद मिलती है। बुजुर्ग समाज की नींव हैं और उनके जीवन का अनुभव अमूल्य है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने बुजुर्ग माता-पिता की सेवा करनी चाहिए और उनके साथ समय बिताना चाहिए। इससे उन्हें अकेलेपन का अहसास नहीं होगा। बुजुर्गों की भावनाओं को समझते हुए उनके साथ मित्रवत व्यवहार करना चाहिए, ताकि उन्हें अकेलापन महसूस न हो और उन्हें वृद्धाश्रम में रहने की जरूरत न पड़े।

उन्होंने लोगों से समय-समय पर वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात करने, उनकी देखभाल करने और जरूरत के समय सहयोग करने की अपील की। इस दौरान वृद्धाश्रम की अधीक्षिका योगिता, संस्था संचालक सोनू, अनोखे लाल, संजय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।