हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 17 यात्री घायल, दो की हालत गंभीर

हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से लखनऊ जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा बिलग्राम क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के 329 कट के पास हुआ। बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
घायलों में मयंक, अमरेश पांडेय, सुधा पांडेय, ममता शर्मा, नैना शर्मा, निष्ठा, आरती, कविता, राहुल, कुशल, सुमित शर्मा, तुषार श्रीवास्तव, अभिषेक, अपूर्व श्रीवास्तव, राम सिंह, विवेक और अन्नू शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद राम सिंह और विवेक कुमार की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का सीएचसी में उपचार किया गया।
हादसे की सूचना पर घायलों के परिजन और परिचित भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सुरक्षित कराकर यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे की कार्रवाई प्रचलित है।