भुज-बरौनी के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, सप्ताह में तीन दिन होगा संचालन

अहमदाबाद। भारतीय रेल ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच सप्ताह में तीन दिन चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने की मंजूरी दी है। यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ते हुए करीब 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने यह जानकारी दी।

ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी।

भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन सोमवार, बुधवार और शनिवार को होगा, जबकि बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।

नई रेल सेवा के मार्ग में समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव होगा।

रेलवे के अनुसार, इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच एक अतिरिक्त रेल संपर्क उपलब्ध होगा। साथ ही गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का विकल्प मिलेगा।