फिरोजपुर मंडल में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान

फिरोजपुर मंडल में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान

रेल यात्रियों को पर्यावरण अनुकूल बोतलों के इस्तेमाल और कचरा पृथक्करण के प्रति किया जागरूक

फिरोजपुर। ?स्वच्छता ही सेवा? अभियान के तहत फिरोजपुर मंडल में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 23 और 24 सितंबर को मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ?सिंगल यूज प्लास्टिक को न कहें? अभियान चलाकर यात्रियों और वेंडरों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और बैनरों के माध्यम से यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी दी गई। यात्रियों को प्लास्टिक की बोतलों के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल और पुनः उपयोग किए जा सकने वाले बोतलों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

यात्रियों को स्टेशनों पर उपलब्ध बोतल नष्ट करने वाली मशीनों के उचित उपयोग की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कचरे के पृथक्करण के महत्व को समझाते हुए निर्धारित चार प्रकार के कूड़ेदानों का सही तरीके से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

वेंडरों को भी किया जागरूक

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर कार्यरत वेंडरों से संवाद कर उन्हें प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रियों से भी रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने में सहयोग देने की अपील की गई।

मंडल कार्यालय में अधिकारियों को दोबारा प्रयोग किए जा सकने वाले मग भी वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से दैनिक जीवन में एकल उपयोग वाली प्लास्टिक वस्तुओं की जगह पुनः उपयोग योग्य विकल्प अपनाने का संदेश दिया गया।

फिरोजपुर मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे ?स्वच्छता ही सेवा? अभियान के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन को लेकर विभिन्न गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों और कर्मचारियों की सहभागिता से स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल रेलवे परिसर तैयार करना है।