बावन में पहली बार सजा गणेश महोत्सव, भजन संध्या और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

हरदोई। कस्बा बावन के मोहल्ला वीरमपट्टी में गणेश चतुर्थी के अवसर पर पहली बार भव्य गणेश महोत्सव एवं जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भजन संध्या, धार्मिक गीतों और आकर्षक झांकियों के माध्यम से विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का मनमोहक प्रस्तुतिकरण किया गया। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
गणेश महोत्सव में बावन कस्बे के अलावा आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से भगवान गणेश के पूजन के साथ हुई। इसके बाद भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों और सुंदर झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान गणेश से जुड़े प्रसंगों के साथ अन्य धार्मिक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे। पूरे कार्यक्रम स्थल पर जयकारों और भजनों से माहौल भक्तिमय बना रहा। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों ने बताया कि बावन में पहली बार गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया है, जिसमें क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में दीपक त्रिवेदी, जमुना सिंह, विवेक अवस्थी, सुंदरम त्रिवेदी, अनिकेत, अभिषेक, कार्तिकेय, अमित श्रीवास्तव, प्रिंस और दिव्यांशु का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन के साथ भगवान गणेश का पूजन अनमोल सारस्वत ने विधि-विधान से संपन्न कराया। आयोजकों ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया।