मुंबई और कोंकण के बीच रेल यात्रियों को बड़ी राहत, सीएसएमटी-सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस की नियमित सेवा शुरू

मुंबई। मध्य रेल ने मुंबई और कोंकण क्षेत्र के बीच यात्रियों की सुविधा को बढ़ाते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)-सावंतवाड़ी रोड-सीएसएमटी एक्सप्रेस की नियमित दैनिक सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन मुंबई और कोंकण के बीच एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराएगी।

ट्रेन संख्या 15087 सीएसएमटी-सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस 8 सितंबर 2026 से प्रतिदिन सीएसएमटी से रात 11:55 बजे रवाना होगी। मानसून समय-सारणी के अनुसार 20 अक्टूबर तक यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 1:50 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी। 21 अक्टूबर से गैर-मानसून समय-सारणी लागू होने पर इसके सावंतवाड़ी रोड पहुंचने का समय दोपहर 2:15 बजे होगा।

इसी तरह ट्रेन संख्या 15088 सावंतवाड़ी रोड-सीएसएमटी एक्सप्रेस 9 सितंबर 2026 से प्रतिदिन सावंतवाड़ी रोड से चलेगी। मानसून समय-सारणी के अनुसार 20 अक्टूबर तक यह ट्रेन शाम 5:00 बजे रवाना होगी, जबकि 21 अक्टूबर से गैर-मानसून समय-सारणी के तहत प्रस्थान का समय शाम 5:20 बजे रहेगा। ट्रेन अगले दिन सुबह 6:40 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव:

दादर, ठाणे, पनवेल, पेण, रोहा, माणगांव, वीर, खेड, चिपलूण, सावर्डा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडवली, विलवडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नांदगांव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग और कुडाल।

ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे, जिनमें 1 प्रथम वातानुकूलित श्रेणी, 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 4 शयनयान, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 पेंट्री कार, 1 पार्सल वैन, 1 द्वितीय बैठक सह गार्ड ब्रेक वैन तथा 1 जनरेटर वैन शामिल हैं।

आरक्षण संबंधी जानकारी: ट्रेन संख्या 15087 की 8 सितंबर की यात्रा के लिए आरक्षण 8 सितंबर से तथा 9 सितंबर और उसके बाद की यात्राओं के लिए आरक्षण 9 सितंबर से सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। सामान्य श्रेणी के लिए यात्री यूटीएस प्रणाली के माध्यम से टिकट ले सकेंगे। यात्री टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं।

ट्रेन के विभिन्न स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान के विस्तृत समय की जानकारी रेलवे की पूछताछ सेवा और एनटीईएस ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।

मध्य रेल की इस नियमित सेवा से मुंबई और कोंकण के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल विकल्प मिलने के साथ यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।