उसलापुर स्टेशन पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश का संरक्षा निरीक्षण, आधुनिक तकनीक से सिग्नल केबल में लीकेज की हुई जांच

उसलापुर स्टेशन पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश का संरक्षा निरीक्षण, आधुनिक तकनीक से सिग्नल केबल में लीकेज की हुई जांच

पॉइंट एवं क्रॉसिंग का आकस्मिक निरीक्षण कर परखे संरक्षा मानक, तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान पर जोर

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को उसलापुर स्टेशन का संरक्षा निरीक्षण किया। रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उसलापुर स्टेशन के केंद्रीय आईपीएस कक्ष में सिग्नल प्रणाली की केबल में विद्युत रिसाव की जांच करने वाली आधुनिक तकनीक का सफल प्रदर्शन किया गया। इसके लिए पोर्टेबल इंसुलेशन मॉनिटर विद फॉल्ट लोकेटर किट का इस्तेमाल किया गया। प्रदर्शन के दौरान 110 वोल्ट एसी प्रणाली में कृत्रिम अर्थ फॉल्ट उत्पन्न कर उपकरण की मदद से लीकेज करंट की सटीक माप की गई।

इस आधुनिक तकनीक की खासियत यह है कि बिना विद्युत परिपथ को अलग किए और रेल परिचालन को बाधित किए अर्थ फॉल्ट की पहचान एवं जांच की जा सकती है। इससे संभावित तकनीकी खराबियों का समय रहते पता लगाने और उन्हें दूर करने में मदद मिलेगी। साथ ही जांच के दौरान ट्रेनों के संचालन पर भी कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने तकनीक के प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए इसे सिग्नल एवं केबल प्रणाली की संरक्षा तथा निवारक रखरखाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने आधुनिक तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए संभावित खामियों की समय रहते पहचान करने और उनका समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पॉइंट एवं क्रॉसिंग की भी जांच

महाप्रबंधक ने उसलापुर स्टेशन पर पॉइंट एवं क्रॉसिंग का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने संरक्षित रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न मानकों और मापदंडों को मौके पर परखा। अधिकारियों और कर्मचारियों से पॉइंट एवं क्रॉसिंग की कार्यप्रणाली, रखरखाव तथा संरक्षा संबंधी जानकारी ली गई।

उन्होंने निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोपरि है और आधुनिक तकनीक के माध्यम से संभावित खामियों की समय रहते पहचान कर निवारक रखरखाव को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सजगता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।