मुंबई में 3 घंटे बंद रहेगी यात्री आरक्षण प्रणाली, ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी रहेगी प्रभावित

मुंबई। सिस्टम पैरामीटर ट्यूनिंग के आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते मध्य रेल की मुंबई यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। यह व्यवस्था 5 सितंबर 2026 की रात 11:45 बजे से 6 सितंबर की रात 2:45 बजे तक बंद रहेगी।

इस दौरान मुंबई पीआरएस से संबंधित कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इनमें यात्री आरक्षण सेवा, कोचिंग रिफंड सेवा, आईवीआरएस, करंट रिजर्वेशन, चार्ट डिस्प्ले, टच स्क्रीन, रिफंड काउंटर और कोचिंग रिफंड टर्मिनल शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार, इस अवधि में मुंबई पीआरएस से संबंधित ट्रेनों के लिए इंटरनेट के माध्यम से टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध नहीं रहेगी। हालांकि, प्रचलित धनवापसी नियमों के अनुसार रिफंड के लिए टीडीआर जारी किया जा सकेगा।

मध्य रेल ने यात्रियों और रेल उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे इस निर्धारित रखरखाव अवधि को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और सिस्टम के आवश्यक रखरखाव कार्य में रेल प्रशासन का सहयोग करें।

यह जानकारी मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है।