बरेली पुलिस ने तीन तस्कर किए गिरफ्तार, 403 ग्राम स्मैक बरामद

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। पुलिस ने मंगलवार को शातिर स्मैक तस्कर शराफत के तीन गुर्गों का 403 ग्राम स्मैक के साथ चालान कर दिया। उनको कोर्ट में पेश किया गया, वहां से जेल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, मोहल्ला अंसारी निवासी हसनैन को रुकुमपुर यात्री शेड से पकड़ा गया। उसके पास से 56 ग्राम स्मैक बरामद की गई। उसने बताया कि वह हाईवे पर आने-जाने वाले लोगों को स्मैक बेचता है। इसके बाद टीम ने नखासा बाजार और रहपुरा अंडरपास क्षेत्र में दबिश देकर मोहल्ला नई बस्ती निवासी शबाब अहमद को पकड़कर 37 ग्राम स्मैक बरामद की। अंसारी मोहल्ला निवासी आसिफ उर्फ गबदा को भी पकड़ा गया, उससे 310 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बताया जा रहा है कि आसिफ कस्बे के शातिर स्मैक तस्कर शराफत हुसैन उर्फ भाईजान का गुर्गा है। शराफत फिलहाल कस्बे से भागा हुआ है लेकिन उसका नेटवर्क बदस्तूर चल रहा है। हसनैन और आसिफ को छुड़ाने के लिए दो सभासदों ने काफी कोशिश की थी लेकिन वे नाकाम रहे। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि शबाब से पता लगा कि वह आसिफ से 900 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से स्मैक खरीदकर 1,500 रुपये में बेचता था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। हसनैन और आसिफ पहले भी जेल जा चुके है।।