साबरमती रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का डीआरएम ने किया निरीक्षण

साबरमती रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का डीआरएम ने किया निरीक्षण

डीआरएम वेद प्रकाश ने यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और स्टेशन संचालन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की; विधायक डॉ. हर्षदभाई पटेल रहे मौजूद

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने साबरमती रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान साबरमती के विधायक डॉ. हर्षदभाई पटेल भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति, यात्री सुविधाओं और आगामी त्योहारों के दौरान संभावित यात्री भीड़ के प्रबंधन को लेकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

डीआरएम ने स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पीक आवर्स और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास व्यवस्था को इस तरह विकसित किया जाए, जिससे यात्रियों को परेशानी न हो और भीड़ का प्रभावी प्रबंधन किया जा सके।

उन्होंने स्टेशन भवन के प्रथम तल पर स्थित होल्डिंग एरिया का भी निरीक्षण किया और उसकी क्षमता एवं उपयोगिता की जानकारी ली। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों और विशेष अवसरों पर बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए होल्डिंग एरिया तथा कॉनकोर्स में भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कॉनकोर्स क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान संभावित यात्री भीड़ को देखते हुए एकाधिक प्रवेश और निकास मार्ग विकसित करने तथा यात्रियों की आवाजाही को अलग-अलग दिशाओं में व्यवस्थित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

डीआरएम ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 7 तक यात्री सुविधाओं और स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, यात्री आवागमन क्षेत्र और अन्य सुविधाओं के रखरखाव की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों से भी संवाद किया। उन्होंने पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव लिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्टेशन के बाहर अनावश्यक भीड़ और यातायात अवरोध की स्थिति न बने, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए।

इसके बाद डीआरएम ने साबरमती लोकोमोटिव शेड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शेड में चल रहे अनुरक्षण कार्यों और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डब्ल्यूएजी-12 लोकोमोटिव का निरीक्षण कर उसके अनुरक्षण और तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों, अनुरक्षण कार्यों और लोकोमोटिव की विश्वसनीयता से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

इस अवसर पर कर्णावती महानगर भाजपा अध्यक्ष प्रेरकभाई शाह भी उपस्थित रहे। उन्होंने साबरमती स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और आगामी त्योहारों के दौरान संभावित भीड़ के बेहतर प्रबंधन को लेकर अपने सुझाव साझा किए।

निरीक्षण के अंत में डीआरएम वेद प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्टेशन संचालन और पुनर्विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन के विकास कार्यों के साथ यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।