राखी पर्व पर यात्रियों को राहत, खातीपुरा-हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

राखी पर्व पर यात्रियों को राहत, खातीपुरा-हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

एक-एक फेरे में दोनों दिशाओं में होगा संचालन, 23 डिब्बों की होगी विशेष ट्रेन

जयपुर। राखी पर्व पर बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए खातीपुरा-हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह विशेष ट्रेन एक-एक फेरे में दोनों दिशाओं में चलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09709 खातीपुरा-हावड़ा स्पेशल ट्रेन 29 अगस्त 2026, शनिवार को खातीपुरा से शाम 5 बजे रवाना होगी और अगले दिन रविवार को रात 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 09710 हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन 31 अगस्त 2026, सोमवार को रात 12:15 बजे हावड़ा से रवाना होकर मंगलवार को सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

यह विशेष रेलसेवा दोनों दिशाओं में दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सुबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ, नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, वर्धमान और बैंडेल स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में 23 डिब्बे होंगे। इनमें 2 द्वितीय वातानुकूलित, 4 तृतीय वातानुकूलित, 7 द्वितीय शयनयान, 8 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। राखी पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन के संचालन से राजस्थान से बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।