हरदोई में अरविंद राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- जनता के वास्तविक मुद्दे पर चर्चा नहीं करते, चीनी की दामों में बढ़ोत्तरी पर विपक्ष सड़क पर उतरे, हम भी उतरेंगे

हरदोई। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के नेता अरविंद राजभर ने रविवार को हरदोई में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने की वकालत करते हुए कहा कि आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए।
अरविंद राजभर ने कहा कि सुभासपा वर्ष 2002 में स्थापना के समय से ही आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग करती रही है। उन्होंने पिछड़े वर्गों के लिए 27 प्रतिशत के बजाय 52 प्रतिशत आरक्षण और रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू कर पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और महादलित वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू होना उनकी पुरानी मांग का हिस्सा है।
अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए और संविधान के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर सर्वाधिक सीटें हासिल की, लेकिन अब जनता के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जब पिछड़ों के हित में कदम उठाने का अवसर था, तब भी पर्याप्त काम नहीं हुआ।
चीनी के बढ़ते दामों पर राजभर ने कहा कि यदि चीनी महंगी हो रही है तो विपक्ष को प्रदर्शन करना चाहिए और गन्ने का मूल्य भी बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमतों को लेकर सुभासपा ने एक सितंबर को बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है और जरूरत पड़ने पर आंदोलन किया जाएगा।
सरकारी स्कूलों की स्थिति पर उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था मजबूत होने पर ही महिलाएं और पिछड़े वर्ग अपने अधिकारों का पूरा लाभ उठा सकेंगे। महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए शिक्षा पर भी ध्यान देना जरूरी है।
?चवन्नी? संबंधी टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि चवन्नी का भी करेंसी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और इसी तरह छोटे योगदान भी बड़ी उपलब्धियों की नींव रखते हैं।
इस मौके पर सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी, जिलाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।