हरदोई में कांवड़ियों पर बरसे फूल, दिखी सर्वधर्म समभाव की मिसाल, सभी धर्मों की सहभागिता रही आकर्षण का केंद्र

हरदोई। शहर में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सामाजिक संस्था गरीब की रोटी एक पहल और वीरांगना सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था की ओर से कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के लोगों ने मिलकर कांवड़ियों का अभिनंदन किया और उन्हें जलपान कराया।
कार्यक्रम के दौरान आरिफ खान शानू और सुहाना जैन बुलडोजर पर सवार होकर कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करते नजर आए। उन्होंने डमरू बजाते हुए कांवड़ियों के साथ ?जय भोले? के जयकारे भी लगाए। सड़क से गुजर रहे कांवड़ियों पर फूलों की बारिश और विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना की।
आयोजकों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का पर्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकता का संदेश मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करना ही सामाजिक सौहार्द की पहचान है।
पुष्पवर्षा के दौरान कांवड़ियों ने भी स्वागत करने वालों का आभार जताया। कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और वातावरण ?हर-हर महादेव? के जयकारों से गूंज उठा।
इस मौके पर करतार सिंह, बलकार सिंह, शिक्षिका विनीता पांडे, मो. आफाक, मो. अब्दुल मजीद, मो. एहतिशान, उमैर सिद्दीकी, अली खान, शौर्य सिंह, शान अली, मो. नबील, हसीन अहमद सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।