शिविरों और पंडालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेशानुसार अग्निशमन विभाग की टीम ने जिले में शिविरों और पंडालों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने दिल्ली रोड, कांठ रोड, बिलारी, कांठ, छजलैट और ठाकुरद्वारा क्षेत्र में बने शिविरों एवं बड़े पंडालों का अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बड़े शिविरों और पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई। आवश्यकता वाले स्थानों पर संस्था को अग्निशामक यंत्र उपलब्ध कराए गए तथा संबंधित कर्मचारियों और आयोजकों को इनके संचालन का प्रशिक्षण भी दिया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने शिविर संचालकों को विद्युत सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। विद्युत तारों को खुले में न छोड़ने तथा उन्हें उचित तरीके से टेपिंग कर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आयोजकों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देने की अपील की।