दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की हरित पहल से बिलासपुर रेल क्षेत्र में बढ़ी हरियाली

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की हरित पहल से बिलासपुर रेल क्षेत्र में बढ़ी हरियाली

तीन वर्षों में 6 लाख से अधिक पौधों का रोपण, पांच साल में 17 नए तालाब और 4 का हुआ नवीनीकरण

बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। रेलवे की ओर से वर्षभर वृक्षारोपण, हरित क्षेत्र के विस्तार और जल संरक्षण की विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इन प्रयासों से बिलासपुर का रेल क्षेत्र हरियाली से गुलजार नजर आ रहा है और रेलवे परिसरों का वातावरण भी स्वच्छ एवं सुखद बन रहा है।

तीन वर्षों में लगाए 6 लाख से अधिक पौधे

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा रेलवे परिसरों, कॉलोनियों और खाली स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया है। पिछले तीन वर्षों में 6 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। बिलासपुर की रेलवे कॉलोनियों और विभिन्न रेल परिसरों में घने पेड़-पौधों की हरियाली इस क्षेत्र को प्राकृतिक ऑक्सीजन क्षेत्र जैसा स्वरूप प्रदान कर रही है।

घनी हरियाली से जहां रेलवे परिसर की सुंदरता बढ़ी है, वहीं कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुखद वातावरण भी मिल रहा है।

जल संरक्षण पर भी विशेष जोर

वृक्षारोपण के साथ रेलवे द्वारा जल संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। वर्षाजल संचयन और भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा देने के लिए रेलवे परिसरों में नए तालाबों का निर्माण तथा पुराने तालाबों का पुनर्विकास किया जा रहा है।

पिछले पांच वर्षों में 17 नए तालाबों का निर्माण और 4 पुराने तालाबों का नवीनीकरण किया गया है। इन जल संरचनाओं से वर्षाजल के संचयन के साथ भू-जल स्तर को बनाए रखने और जल संसाधनों के संरक्षण में मदद मिल रही है।

हरित और टिकाऊ रेल परिवेश की ओर कदम

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से किए जा रहे वृक्षारोपण, हरित क्षेत्र विस्तार और जल संरक्षण के प्रयास पर्यावरण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इन पहलों से रेलवे परिसरों में हरियाली बढ़ने के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को भी मजबूती मिल रही है।

रेलवे का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरा-भरा वातावरण तैयार करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। बिलासपुर रेल क्षेत्र में दिखाई दे रही हरियाली दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के पर्यावरण संरक्षण अभियान की सफलता की सुंदर तस्वीर पेश कर रही है।