बिजली का खंभा बना खतरे की घंटी

ब्रेकिंग न्यूज़: बिजली का खंभा बना खतरे की घंटी

मोहल्ला मिरयासी टोला, वार्ड नंबर 23 में केला प्लांट के पास विद्युत विभाग का एक बिजली का खंभा लंबे समय से हादसे को दावत दे रहा है। खंभे की स्थिति बेहद चिंताजनक है और कभी भी कोई भयानक हादसा हो सकता है।

इस मार्ग से बच्चों, राहगीरों और स्थानीय लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। खंभे के आसपास घर और मकान भी स्थित हैं, जिससे किसी दुर्घटना की स्थिति में जान-माल का बड़ा नुकसान होने की आशंका है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समस्या की जानकारी विद्युत विभाग नानपारा के अधिकारियों और कर्मचारियों को है। मौखिक सूचना देने के साथ-साथ लिखित प्रार्थना पत्र भी दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

सवाल यह है कि विद्युत विभाग आखिर कब जागेगा? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग की नींद खुलेगी?

स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कराया जाए और जर्जर/खतरनाक विद्युत खंभे को सुरक्षित कराया जाए, ताकि किसी अनहोनी को समय रहते रोका जा सके।