एनएफ रेलवे और वन विभाग की सतर्कता से बचा हाथियों का झुंड, समय पर रोकी राजधानी एक्सप्रेस

एनएफ रेलवे और वन विभाग की सतर्कता से बचा हाथियों का झुंड, समय पर रोकी राजधानी एक्सप्रेस

गुवाहाटी। रेल पटरियों पर हाथियों की सुरक्षा के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे और असम वन विभाग के संयुक्त प्रयास लगातार कारगर साबित हो रहे हैं। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और वन विभाग के साथ बेहतर समन्वय के चलते हाल ही में हाथियों के झुंड को सुरक्षित रूप से रेल पटरी पार कराया गया।

19 अगस्त 2026 की सुबह लामडिंग-हावाईपुर रेलखंड में असम वन विभाग के अधिकारियों ने रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को समय रहते रुकवाने की व्यवस्था की। ट्रेन को समय पर रोक दिए जाने से हाथियों का झुंड सुरक्षित रूप से रेल पटरी पार कर सका और संभावित हादसा टल गया।

लोको पायलटों की सतर्कता से कई बार बची हाथियों की जान

हाल के दिनों में लोको पायलटों की सतर्कता के ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं। 15 अगस्त को गुवाहाटी-मारियानी एक्सप्रेस के लोको पायलट की सतर्कता से लम सखांग-पाथरखोला रेलखंड में हाथियों का झुंड सुरक्षित रूप से पटरी पार कर सका।

इसी तरह 16 अगस्त को नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस के लोको पायलट ने हावाईपुर-लम्सखांग रेलखंड में हाथियों की मौजूदगी देखकर समय रहते आवश्यक कदम उठाए, जिससे हाथियों को सुरक्षित निकलने का अवसर मिला।

तकनीक से भी रखी जा रही हाथियों की निगरानी

एनएफ रेलवे ने हाथी-ट्रेन टक्कर की घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया है। वितरित ध्वनिक प्रणाली के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित घुसपैठ पहचान प्रणाली स्थापित की गई है, जो रेल पटरियों के आसपास हाथियों की गतिविधि का पता लगाकर वास्तविक समय में अलर्ट देने में मदद करती है।

इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर रात्रिकालीन निगरानी, जरूरत के अनुसार ट्रेनों की गति नियंत्रित करना, नियमित गश्त, लोको पायलटों और ट्रेन कर्मचारियों को जागरूक करना, चेतावनी संकेतक लगाना तथा झाड़ियों की सफाई जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।

हाथियों को रेल पटरियों से दूर रखने के लिए मधुमक्खियों की तेज आवाज पर आधारित ?प्लान बी? प्रणाली का भी चयनित स्थानों पर इस्तेमाल किया जा रहा है। वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए कुछ स्थानों पर अंडरपास भी बनाए गए हैं।

वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध एनएफ रेलवे

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा है कि सुरक्षित रेल संचालन के साथ क्षेत्र के समृद्ध वन्यजीवों की सुरक्षा भी उसकी प्राथमिकता है। रेलवे नई तकनीकों को अपनाने, वन विभाग के साथ समन्वय मजबूत करने और फ्रंटलाइन रेल कर्मचारियों की सतर्कता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

रेलवे और वन विभाग के बीच समय पर सूचना साझा करने तथा लोको पायलटों की सतर्कता से हाथी-ट्रेन टक्कर की घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।