एनएफ रेलवे ने मालीगांव के नेताजी विद्यापीठ रेलवे स्कूल को किया आधुनिक सुविधाओं से लैस

एनएफ रेलवे ने मालीगांव के नेताजी विद्यापीठ रेलवे स्कूल को किया आधुनिक सुविधाओं से लैस

नए जी प्लस वन भवन में 20 कक्षाएं, ऑडिटोरियम और प्रार्थना शेड का भी हुआ कायाकल्प

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने मालीगांव स्थित नेताजी विद्यापीठ रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का उन्नयन किया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

स्कूल के विकास के तहत 20 कक्षाओं वाला नया जी प्लस वन आरसीसी भवन तैयार किया गया है। कक्षाओं में आधुनिक फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्कूल परिसर में कवर्ड प्रार्थना शेड का निर्माण किया गया है तथा सुबीर राहा मेमोरियल ऑडिटोरियम का नवीनीकरण और आधुनिकीकरण किया गया है।

स्कूल भवन के बाहरी हिस्से को भी नया स्वरूप दिया गया है। इसके तहत नई कैनोपी लगाने के साथ बाहरी हिस्से की रंगाई-पुताई कराई गई है। विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ की सुविधा को देखते हुए अप्रोच रोड, मौजूदा कार्यालय एवं कक्षाओं के साथ जल निकासी व्यवस्था में भी सुधार किया गया है।

1948 में हुई थी स्कूल की स्थापना

नेताजी विद्यापीठ रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल की स्थापना 23 जनवरी 1948 को महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सम्मान में की गई थी। स्कूल ने वर्षों के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और यहां से कई प्रतिष्ठित पूर्व छात्र निकले हैं।

इनमें एनआईटी सिलचर के पूर्व निदेशक डॉ. परितोष कंसा बनिक, वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नई दिल्ली की पूर्व प्राचार्य डॉ. जयश्री भट्टाचार्जी और एफआईडीई रेटेड शतरंज खिलाड़ी राजीव धर प्रमुख हैं।

महाप्रबंधक ने किया उद्घाटन

15 अगस्त 2026 को एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने नवीनीकृत सुबीर राहा मेमोरियल ऑडिटोरियम, नवनिर्मित कक्षाओं, प्रार्थना शेड और उन्नत स्कूल भवन के अग्रभाग का उद्घाटन किया।

एनएफ रेलवे के अनुसार, स्कूल में किए गए ये व्यापक सुधार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलने के साथ उनकी शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। रेलवे का कहना है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

कपिंजल किशोर शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी