प्रयागराज स्टेशन बनेगा आधुनिक वर्ल्ड क्लास कमर्शियल हब, 64 करोड़ की ई-नीलामी से रेलवे ने रचा नया रिकॉर्ड

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने स्टेशन के व्यावसायिक विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रयागराज स्टेशन के सिविल लाइंस साइड स्थित पब्लिक प्लाजा और कमर्शियल आर्केड में आधुनिक व्यावसायिक गतिविधियों तथा एक्सेस कंट्रोल्ड बेसमेंट पार्किंग के विकास, संचालन और अनुरक्षण के लिए ई-नीलामी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।

यह ई-नीलामी 7 अगस्त 2026 को आईआरईपीएस के ई-ऑक्शन लीजिंग मॉड्यूल के माध्यम से 15 वर्ष की अवधि के लिए आयोजित की गई। ई-नीलामी में निवेशकों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और रेलवे को 2 करोड़ 41 लाख 51 हजार रुपये का सर्वाधिक वार्षिक लाइसेंस शुल्क प्राप्त हुआ।

अनुबंध का कुल अनुमानित मूल्य करीब 64.06 करोड़ रुपये है। इसमें चौथे वर्ष से लागू होने वाली 10 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि भी शामिल है। रेलवे के अनुसार, यह भारतीय रेल में अब तक का सर्वाधिक गैर-किराया राजस्व अनुबंध मूल्य है। इससे रेलवे परिसंपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग और गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के क्षेत्र में एक नया मानदंड स्थापित हुआ है।

स्टेशन परिसर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

परियोजना के तहत प्रयागराज स्टेशन के सिविल लाइंस साइड परिसर को आधुनिक वाणिज्यिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां फूड कोर्ट, फन पार्क एवं गेमिंग जोन, स्पोर्ट्स और टर्फ स्पोर्ट्स जोन, शॉपिंग एवं रिटेल जोन, सांस्कृतिक गतिविधि केंद्र के साथ एक्सेस कंट्रोल्ड बेसमेंट पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद यात्रियों और आम लोगों को स्टेशन परिसर में ही मनोरंजन, खानपान, खरीदारी और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे स्टेशन परिसर में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

गैर-किराया राजस्व बढ़ाने पर जोर

रेलवे की इस पहल का उद्देश्य केवल स्टेशन परिसर का व्यावसायिक विकास करना ही नहीं, बल्कि यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना और भारतीय रेल के लिए सतत गैर-किराया राजस्व का नया स्रोत तैयार करना भी है। स्टेशन के आसपास व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।

प्रयागराज मंडल के अनुसार, यह ई-नीलामी मंडल की दूरदर्शी योजना, पारदर्शी प्रक्रिया और प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। ई-नीलामी में मिली बड़ी बोली से यह भी स्पष्ट होता है कि निवेशकों का प्रयागराज स्टेशन की व्यावसायिक संभावनाओं पर मजबूत भरोसा है।

यह परियोजना प्रयागराज स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय रेलवे एवं वाणिज्यिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।