पति के अवैध संबंध और ससुरालियों की प्रताड़ना से आहत विवाहिता ने जहर खाकर दी जान, पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

पीलीभीत। जहानाबाद थाना क्षेत्र में पति के दूसरी महिला से कथित संबंध और ससुरालियों की प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।

बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के मिलक बमनपुरी गांव निवासी गंगाराम ने जहानाबाद थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी 35 वर्षीय बेटी सोमवती की शादी करीब 15 वर्ष पहले जहानाबाद क्षेत्र के सैजना गांव निवासी महेश कुमार के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं।

आरोप है कि करीब पांच-छह महीने पहले महेश कुमार के गांव की ही एक महिला से संबंध हो गए। इसके बाद दोनों रुद्रपुर में पति-पत्नी की तरह रहने लगे और वहीं नौकरी करने लगे। परिजनों का आरोप है कि करीब पांच-छह दिन पहले महेश उक्त महिला को लेकर सैजना स्थित अपने घर पहुंचा। वहां सोमवती के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।

सोमवती ने फोन के माध्यम से अपने पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गंगाराम ने अपने दामाद को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका। आरोप है कि सोमवती का जेठ कृष्णपाल, ननद कुसुम और बहनोई पप्पू भी उसे लगातार ताने देकर परेशान करते थे।

परिजनों के मुताबिक, लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर सोमवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे नवाबगंज स्थित एक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां करीब तीन-चार घंटे उपचार के बाद शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई।

सूचना पर नवाबगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं, जहानाबाद पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि थाना पुलिस को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।