सांबा रेलवे स्टेशन पर 19 अगस्त से दो और ट्रेनों का ठहराव, यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ

सांबा रेलवे स्टेशन पर 19 अगस्त से दो और ट्रेनों का ठहराव, यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ

जम्मू मंडल ने यात्री सुविधा को देखते हुए लिया फैसला

जम्मू। सांबा और आसपास के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और क्षेत्रीय जरूरतों को देखते हुए सांबा रेलवे स्टेशन पर दो अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी है। दोनों ट्रेनों का ठहराव 19 अगस्त 2026 से प्रभावी होगा।

जम्मू मंडल के अनुसार गाड़ी संख्या 14662 जम्मू तवी-बाड़मेर एक्सप्रेस रात 10:54 बजे सांबा स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद रात 10:56 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 11078 जम्मू तवी-पुणे एक्सप्रेस रात 12:05 बजे सांबा स्टेशन पहुंचेगी और रात 12:07 बजे प्रस्थान करेगी। दोनों ट्रेनों का सांबा स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव रहेगा।

राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के यात्रियों को फायदा

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि सांबा क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। इन ट्रेनों के ठहराव से सांबा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र की ओर जाने के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा।

पहले भी छह ट्रेनों को मिला था ठहराव

जम्मू मंडल द्वारा इससे पहले 15 अगस्त 2026 से सांबा स्टेशन पर छह अन्य ट्रेनों के ठहराव की सुविधा शुरू की गई थी। इनमें गाड़ी संख्या 20434, 16787, 14803, 14804, 16317 और 16031 शामिल हैं।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 19223/19224 का ठहराव भी अक्टूबर 2026 से सांबा रेलवे स्टेशन पर शुरू किए जाने का निर्णय लिया गया है। लगातार बढ़ाई जा रही इन सुविधाओं से सांबा क्षेत्र के यात्रियों को आने वाले समय में और बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और ठहराव की अद्यतन जानकारी एनटीईएस, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा स्टेशन पर उपलब्ध सूचना पट्ट से अवश्य प्राप्त करें।

जम्मू मंडल का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की मांग के अनुरूप रेल सेवाओं का विस्तार करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।