माता वैष्णो देवी भवन पर शान से लहराया तिरंगा, श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

कटड़ा। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल माता वैष्णो देवी भवन परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में एसडीएम भवन अंशुमाली शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान में भाग लिया।

इस दौरान देशभक्ति गीतों और माता वैष्णो देवी के जयकारों से पूरा भवन परिसर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। पंडितों ने देशभक्ति से जुड़े गीत प्रस्तुत किए, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी समारोह में भाग लेकर देश के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

मुख्य अतिथि एसडीएम भवन अंशुमाली शर्मा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले लाखों स्वतंत्रता सेनानियों को शत-शत नमन है। उन्होंने कहा कि आजादी हमें महान बलिदानों के बाद मिली है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की प्रगति और विकास में पूरी निष्ठा के साथ योगदान दे।

समारोह में तहसीलदार भवन मुकेश थापा, डीएसपी महेश शर्मा, एसएचओ प्रमोद कुमार, माता वैष्णो देवी की आरती के पुजारी लोकेश पुजारी सहित श्राइन बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय दुकानदार और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति के इस संगम ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।