कटरा ट्रिप शेड का होगा विस्तार, छह लोकोमोटिव की एक साथ हो सकेगी जांच और मरम्मत

जम्मू। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में श्री माता वैष्णोदेवी कटरा ट्रिप शेड विस्तार परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य लोकोमोटिव के रखरखाव की क्षमता बढ़ाने के साथ रेल परिचालन को और अधिक मजबूत एवं सुरक्षित बनाना है।

परियोजना के तहत कटरा स्थित ट्रिप शेड में दो अतिरिक्त बे और दो नई पिट लाइनें बनाई जा रही हैं। विस्तार का काम पूरा होने के बाद ट्रिप शेड में एक साथ छह लोकोमोटिव खड़े कर उनकी तकनीकी जांच, रखरखाव और सर्विसिंग की जा सकेगी। इससे रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

परियोजना स्थल पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है और नवीनतम प्रगति के अनुसार काम निर्धारित समय-सीमा के भीतर आगे बढ़ रहा है। मंडल रेल प्रबंधक जम्मू विवेक कुमार ने परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि कटरा ट्रिप शेड का विस्तार जम्मू मंडल की परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि इसे समय पर पूरा कर मौजूदा रेल बुनियादी ढांचे से जोड़ा जा सके।

ट्रिप शेड की क्षमता बढ़ने से इंजनों की जांच और रखरखाव अधिक तेजी एवं कुशलता से किया जा सकेगा। इससे ट्रेनों के समयपालन में सुधार के साथ परिचालन सुरक्षा भी मजबूत होगी। विशेष रूप से कटरा से चलने वाली ट्रेनों के इंजनों के रखरखाव में तेजी आने से रेल सेवाओं की विश्वसनीयता बढ़ने की उम्मीद है।

परियोजना पूरी होने के बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद रेल सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। रेलवे के अनुसार, यह विस्तार कटरा क्षेत्र में बढ़ती रेल आवश्यकताओं को पूरा करने और भविष्य में बेहतर परिचालन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।