रेल यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा: अमृतसर और जालंधर सिटी स्टेशन पर 'रेल वन ऐप' को लेकर जागरूकता अभियान, 100 से अधिक यात्रियों ने किया इंस्टॉल

फिरोजपुर। रेल यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने और टिकट बुकिंग को अधिक आसान एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से फिरोजपुर रेल मंडल द्वारा अमृतसर और जालंधर सिटी रेलवे स्टेशनों पर 'रेल वन ऐप' को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट खरीदने के फायदे बताए गए और मौके पर ही 100 से अधिक यात्रियों के मोबाइल फोन में ऐप इंस्टॉल कराया गया।

यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के निर्देशन में आयोजित किया गया। स्टेशन परिसर में बैनर और स्टैंडी लगाकर यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के प्रति जागरूक किया गया तथा ऐप के उपयोग की पूरी जानकारी दी गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 'रेल वन ऐप' के माध्यम से अनारक्षित टिकट खरीदने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट मिलती है। इसके अलावा टिकट काउंटर की लंबी कतारों से राहत मिलती है, सभी भुगतान ऑनलाइन होने से खुले पैसों की परेशानी नहीं रहती और समय की भी बचत होती है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से यात्रियों को सरल, सुरक्षित और सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि 'रेल वन ऐप' डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ कागज की बचत कर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक 'रेल वन ऐप' का उपयोग करें और डिजिटल टिकटिंग की सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाएं।