चांदलोडिया रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का 70 प्रतिशत काम पूरा, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

अहमदाबाद। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अहमदाबाद मंडल के चांदलोडिया रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। करीब 45.72 करोड़ रुपये की लागत से चल रही इस परियोजना को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्टेशन के पुनर्विकास के बाद यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

परियोजना के तहत नया स्टेशन भवन, उन्नत प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, एयर कॉन्कोर्स, पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, लिफ्ट, शौचालय और अन्य यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

यात्रियों से मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर यात्री सूचना प्रणाली और कोच मार्गदर्शन व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा रहा है। प्लेटफॉर्म पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड लगाने का कार्य किया जा रहा है। चांदलोडिया-ए स्टेशन के मुख्य भवन में मल्टीलाइन डिस्प्ले बोर्ड पहले ही स्थापित कर दिया गया है, जबकि चांदलोडिया-बी स्टेशन पर मल्टीलिंगुअल डिस्प्ले बोर्ड का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।

मुख्य स्टेशन भवन का निर्माण शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। करीब 11,100 वर्गफीट क्षेत्रफल वाले भवन में बुकिंग काउंटर, प्रथम श्रेणी एवं सामान्य प्रतीक्षालय, वातानुकूलित और गैर-वातानुकूलित प्रतीक्षालय, शिशु दुग्धपान कक्ष सहित कई सुविधाएं विकसित की गई हैं।

यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 40 फीट चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, जिसका करीब 88 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्लेटफॉर्म विकास का कार्य भी करीब 82 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसके अलावा प्लेटफॉर्मों पर धूप और बारिश से बचाव के लिए कवर ओवर प्लेटफॉर्म विकसित किए जा रहे हैं।

स्टेशन परिसर में करीब 78,300 वर्गफीट क्षेत्र में पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया का विकास किया जा रहा है, जिसका करीब 97 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। दिव्यांगजन के लिए विशेष पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

भीड़ प्रबंधन के लिए करीब 82,000 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया विकसित किया जा रहा है, जिसका 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं प्रतीक्षालय एवं आंतरिक सुविधाओं का करीब 92 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है।

दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए पांच लिफ्ट का प्रावधान किया गया है। स्टेशन पर पुरुष, महिला और दिव्यांगजन के लिए शौचालयों का भी विकास एवं उन्नयन किया जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद चांदलोडिया स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त बेहतर परिवहन केंद्र के रूप में विकसित होगा। इससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा तथा क्षेत्र की बढ़ती यात्री आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।