महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी कासगंज ने चलाया जागरूकता अभियान

कासगंज। महिला सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण को लेकर जीआरपी कासगंज पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रेलवे, अनुभाग आगरा के निर्देशों के क्रम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल के नेतृत्व में महिला जीआरपी पुलिसकर्मियों ने रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान महिला यात्रियों को यात्रा के समय सतर्क रहने, अजनबी व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु नहीं लेने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल सुरक्षा कर्मियों को देने की सलाह दी गई। पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को जहरखुरानी से बचाव के उपाय भी बताए।

महिला यात्रियों को आपात स्थिति में सहायता के लिए 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस, 102 एंबुलेंस, 101 अग्निशमन सेवा, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।

जीआरपी महिला पुलिसकर्मियों ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग रूम, प्रवेश-निकास द्वार सहित विभिन्न स्थानों पर यात्रियों से संपर्क किया और उन्हें जागरूकता संबंधी पंपलेट व बुकलेट वितरित किए। इस दौरान ट्रेन में सवार महिला यात्रियों को भी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों के बीच पहुंचकर उन्हें सुरक्षा उपायों और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देने की जीआरपी की पहल सराहनीय रही। अभियान के माध्यम से महिला यात्रियों को न केवल सतर्क रहने का संदेश दिया गया, बल्कि जरूरत पड़ने पर पुलिस एवं अन्य आपात सेवाओं से तत्काल सहायता लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।